अधमरे किसान' की हकीकत सामने आने पर प्रियंका गांधी की हुई किरकिरी, डिलीट किया ट्वीट


 


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को उन्नाव की घटना से संबंधित ट्विटर हैंडल से शेयर किए गए एक वीडियो को खुद ही डिलीट करना पड़ा। इस वीडियो में पुलिस लाठीचार्ज से एक युवा किसान को अधमरा दिखाया गया था, जबकि हकीकत में वहां लेटा हुआ युवक मौका पाकर भाग निकला।


 

यूपी पुलिस ने सही व पूरा वीडियो जारी किया तो प्रियंका को अपना वीडियो हटाना पड़ा। तथ्यों की पड़ताल किए बिना इस कदम ने प्रियंका की खासी किरकिरी कराई है।

प्रियंका ने ज्यादा मुआवजा मांग रहे उन्नाव के किसानों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर सरकार पर करारा हमला बोला है। उन्होंने यूपी पुलिस की क्रूरता को दिखाने वाला एक वीडियो भी ट्विटर पर शेयर किया, जिसमें किसान पुलिस की मार से जमीन पर पड़ा दिख रहा है।

इस वीडियो को शेयर करते हुए प्रियंका ने ट्वीट किया था, 'उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अभी गोरखपुर में किसानों पर बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं, उनकी पुलिस का हाल देखिए। उन्नाव में एक किसान लाठियां खाकर अधमरा पड़ा है। उसको और मारा जा रहा है। शर्म से आंखें झुक जानी चाहिए, जो आपके लिए अन्न उगाते हैं, उनके साथ ऐसी निर्दयता?' हालांकि यूपी पुलिस के वीडियो की सच्चाई सामने लाने के कुछ ही देर बाद प्रियंका ने अपना ट्वीट हटा लिया।